स्पेशल स्टोरी

मप्र की पांच महिलाओं को मिला अहिल्या सम्मान

-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में हुआ कार्यक्रम

भोपाल. अंतराराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सेंटर फॉर रिसर्च एंड इंडस्ट्रियल स्टाफ परफॉर्मेंस (क्रिस्प) ने शनिवार को प्रदेश की पांच महिलाओं को अहिल्या सम्मान-2023 से सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में क्रिकेटर सौम्या तिवारी, भरतनाट्यम नृत्यांगना तनिष्का हतवलने, टीवी अदाकारा शुभांगी अत्रे, गोंडी भित्ति चित्र कलाकार ननकुसिया श्याम और अभिनेत्री व गायिका विभा श्रीवास्तव शामिल थीं। शुभांगी अत्रे किसी कारणवश कार्यक्रम में मौजूद नहीं रहीं। राजधानी के समन्वय भवन में आयोजित हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनीतिक विश्लेषक गिरिजा शंकर और प्रदेश की जानी-मानी भील कलाकार भूरी भाई विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस अवसर पर पद्मश्री लोक कलाकार भूरी बाई ने अपने संघर्षों के दिनों को याद करते हुए कहा कि कैसे वह मजदूरी की तलाश में भोपाल आई और भारत भवन के कलाकार जे स्वामीनाथन से उनका परिचय हुआ। उन्होंने बताया कि स्वामीनाथन ने उनकी भीली चित्रकारी को परख कर अवसर दिया और उनके मार्गदर्शन से आज उन्हें ये मुकाम हासिल हुआ है। भूरी बाई ने कहा कि संघर्ष ही इंसान को सफल बनाता है। कार्यक्रम में क्रिस्प के प्रबंधक संचालक डॉ. श्रीकांत पाटिल ने कहा कि इतिहास और संस्कृति पर गौर करें तो देखेंगे कि धन की देवी महालक्षमी हैं और विद्या की देवी मां सरस्वती। दो महत्वपूर्ण विषयों के केंद्र में भी महिलाएं ही हैं। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुदाम पी खाड़े और आरजीपीवी यूनिवर्सिटी के कुलपति सुनील कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे।
अहिल्या सम्मान पाने वाली महलाओं की उपलब्धियां
भारतीय महिला क्रिकेट की अंडर-19 टीम की सदस्य सौम्या तिवारी ने हाल ही में टी-20 वल्र्ड कप फाइनल में सबसे अधिक रन बनाए थे। भरतनाट्यम नृत्यांगना तनिष्का हतवलने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों से देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। भाबी जी घर पर हैं सीरियल से विख्यात शुभांगी ने अभिनय की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। ननकुसिया श्याम ने गोंडी भित्ति चित्र के जरिये मप्र के साथ देश का नाम दुनिया में रोशन किया है। अभिनेत्री एवं गायिका विभा श्रीवास्तव 60 से ज्यादा नाटकों में अभिनय कर चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *