तहसील कालपी

दिल्ली और मिल्कीपुर उपचुनाव में मिली जीत पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न

कालपी (जालौन)। ढाई दशक बाद दिल्ली विधानसभा में भाजपा की जोरदार वापसी और उत्तर प्रदेश के अयोध्या की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। शनिवार का दिन भाजपाइयों के लिए बेहद खास रहा। टरननगंज स्थित भाजपा कार्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाते हुए कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जीत की बधाई दी।

भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल
भाजपा नगर अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली विधानसभा चुनाव और मिल्कीपुर उपचुनाव में मिली जीत को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। इस मौके पर पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह जादौन, जगत यादव, ब्रम्हा सिंह यादव, दिनेश चौधरी, अमित पाण्डेय, कुमकुम सिंह, सन्दीप साहू, ज्योति विश्वकर्मा, अवधेश तिवारी, मंटू विश्नोई, सुन्नी तिवारी, दिग्विजय सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

दिल्ली में भाजपा की बड़ी जीत
दिल्ली की कृष्णा नगर सीट पर भाजपा प्रत्याशी डॉ. अनिल गोयल ने 75,922 वोट प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आम आदमी पार्टी (आप) के विकास बग्गा को 19,498 मतों के अंतर से पराजित किया। विकास बग्गा को 56,424 वोट मिले, जबकि तीसरे स्थान पर रही कांग्रेस के गुरचरण सिंह को केवल 9,393 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।

डॉ. अनिल गोयल की जीत को राष्ट्रीय नेतृत्व की सफलता बताया


भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अरुण मैहरोत्रा ने अपने सहयोगी डॉ. अनिल गोयल के प्रचार में दिल्ली में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने डॉ. गोयल की जीत को भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की नीतियों की सफलता बताया।

भाजपा की मिल्कीपुर में भी ऐतिहासिक जीत
उत्तर प्रदेश की अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भी भाजपा प्रत्याशी ने शानदार जीत दर्ज की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस जीत को विकास की राजनीति की जीत करार दिया और कहा कि यह जनता का भाजपा के प्रति विश्वास और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता का प्रमाण है।

भाजपा की जीत पर जताई खुशी
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष सुबोध द्विवेदी ने कहा, “दिल्ली और मिल्कीपुर की जीत यह दिखाती है कि जनता भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा करती है। यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और केंद्र की जनहितैषी योजनाओं का परिणाम है।”

— ब्यूरो रिपोर्ट डेस्क

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *